हाईवा की टक्कर से गड्ढे में पलटा सीएनजी टोटो, चालक समेत 6 घायल; दो की हालत गंभीर
रहुई थाना क्षेत्र के भदवा इतासंग गांव के पास रहुई-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग पर हाईवा और सीएनजी टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो चालक समेत छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
बताया जाता है कि सभी घायल बिहारशरीफ में आंख दिखाकर सीएनजी टोटो से अपने घर मीराचक लौट रहे थे। इसी दौरान भदवा इतासंग के पास रहुई की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
घायलों की पहचान बिंद थाना क्षेत्र के मीराचक गांव निवासी जय प्रकाश, बच्ची देवी, रंजू देवी, शिव कुमार प्रसाद, राजीव कुमार और उषा देवी के रूप में हुई है। सभी का इलाज जारी है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर रहुई थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
