हरनौत में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का जोरदार स्वागत, मानिकपुर गांव को नगर पंचायत में शामिल नहीं करने की उठी मांग

0
WhatsApp Image 2026-10-13 at 6.56.37 PM

श्री बालाजी इंजीनियरिंग वर्कशॉप में आयोजित हुआ स्वागत समारोह, ग्रामीणों ने मंत्री को सौंपा आवेदन; हरसंभव मदद का मिला आश्वासन

हरनौत – बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का मंगलवार को हरनौत बाजार पहुंचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने जोरदार स्वागत किया। हरनौत बाजार स्थित न्यू पेट्रोल पंप के समीप श्री बालाजी इंजीनियरिंग वर्कशॉप परिसर में युवा सामाजिक कार्यकर्ता विपुल कुमार उर्फ नेताजी एवं कमलेश कुमार के नेतृत्व में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कमलेश कुमार ने मंत्री को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनका अभिनंदन किया।
बताया जाता है कि पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार के सिलसिले में नालंदा एवं नवादा जिले के एक दिवसीय दौरे पर आए थे। दोनों जिलों में अपना कार्यक्रम संपन्न करने के बाद पटना लौटने के क्रम में वे हरनौत बाजार पहुंचे। यहां स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मानिकपुर गांव को नगर पंचायत में शामिल नहीं करने की मांग
स्वागत समारोह के दौरान चेरो ग्राम पंचायत के मानिकपुर गांव के ग्रामीणों की ओर से हरनौत नगर पंचायत के विस्तार में गांव को शामिल नहीं करने की मांग उठाई गई। इस संबंध में कमलेश कुमार ने पंचायती राज मंत्री को आवेदन सौंपकर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने कहा कि मानिकपुर गांव की अधिकांश आबादी कृषि कार्य पर निर्भर है। ऐसे में गांव को नगर पंचायत में शामिल किए जाने से किसानों एवं मजदूरों के सामने कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत में शामिल होने के बाद उन्हें कृषि से संबंधित सरकारी योजनाओं और मनरेगा के तहत मिलने वाले रोजगार के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में लागू होने वाले विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान भी करना पड़ेगा, जिससे गांव के किसानों एवं मजदूरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने आवेदन देकर रखी अपनी बात
मंत्री को सौंपे गए आवेदन में मानिकपुर ग्रामवासियों ने आग्रह किया कि हरनौत नगर पंचायत के विस्तार के दौरान उनके गांव को नगर पंचायत में शामिल नहीं किया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को देखते हुए इस मामले पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगी।
आवेदन प्राप्त करने के बाद मंत्री दीपक प्रकाश ने ग्रामीणों की मांग पर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान की अपेक्षा जताई।
समारोह में मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि एवं युवा कार्यकर्ता
इस मौके पर चेरो पंचायत के मुखिया अशोक रजक, वार्ड सदस्य सुनील कुमार, टिंकू कुमार, सतीश कुमार, अवधेश कुमार, बंटी सिंह, अंकित कुमार, कन्हैया कुमार, रवि कुमार, चिंटू कुमार समेत दर्जनों युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी ने मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *