लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, छह मोबाइल और छह एटीएम कार्ड बरामद

0
WhatsApp Image 2026-10-12 at 6.03.29 AM

बिहारशरीफ (नालंदा)। लोन दिलाने के नाम पर व्हाट्सऐप के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले दो युवकों को नालंदा साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कतरीसराय थाना क्षेत्र के बजराचक गांव निवासी सन्नी कुमार (23 वर्ष) और प्रिंस कुमार (20 वर्ष), दोनों पिता शंकर प्रसाद, के रूप में की गई है।

पुलिस के अनुसार, साइबर पुलिस पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वे व्हाट्सऐप के माध्यम से KreditBee का एजेंट बनकर भोले-भाले लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे।

इस मामले में नालंदा साइबर थाना कांड संख्या 247/26, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से वे वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में हैं।

छह मोबाइल और छह एटीएम कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले छह मोबाइल फोन और छह एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन में स्क्रीन टच मोबाइल भी शामिल हैं।

साइबर थाना की टीम ने की कार्रवाई

इस मामले का सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम में नालंदा साइबर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार और तौकीर खान, सिपाही चंदन कुमार, राजन कुमार मांझी, यश कुमार, ऋतुराज एवं रविनंदन कुमार शामिल थे। इसके अलावा गृह रक्षक संदीप कुमार और करन कुमार ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

नालंदा साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फोन कॉल, व्हाट्सऐप कॉल, एसएमएस या विज्ञापनों के माध्यम से मिलने वाले लोन संबंधी प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता की जांच अवश्य करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *