राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में 11 अक्टूबर से होंगे राज्य स्तरीय मुकाबले, सुरक्षा के मद्देनजर रेड और नो फ्लाई जोन घोषित
27 जनवरी 2027 तक सात राज्यों की टीमों से भिड़ेगी बिहार की टीम, ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के परिचालन पर प्रतिबंध
बिहारशरीफ (नालंदा) । राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 11 अक्टूबर 2026 से 27 जनवरी 2027 तक विभिन्न राज्य स्तरीय घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दौरान बिहार की टीम विभिन्न राज्यों की टीमों के साथ मुकाबला करेगी। मैचों के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासन ने राजगीर खेल परिसर एवं स्टेडियम क्षेत्र को निर्धारित मैच अवधि के दौरान अस्थायी रूप से रेड जोन और नो फ्लाई जोन घोषित किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बिहार की टीम 11 से 14 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश, 19 से 22 अक्टूबर तक गोवा और 27 से 30 अक्टूबर तक बड़ौदा की टीम के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 11 से 14 दिसंबर तक तमिलनाडु, 26 से 29 दिसंबर तक सौराष्ट्र, 17 से 20 जनवरी 2027 तक जम्मू-कश्मीर तथा 24 से 27 जनवरी 2027 तक विदर्भ की टीम के साथ मुकाबले होंगे।
ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध
क्रिकेट मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक, नालंदा की अनुशंसा के आलोक में राजगीर खेल परिसर एवं स्टेडियम क्षेत्र को निर्धारित मैच अवधि के दौरान अस्थायी रेड जोन एवं नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
इस अवधि में प्रतिबंधित क्षेत्र के भीतर ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पैरामोटर, पैराग्लाइडर, पावर्ड हैंड ग्लाइडर सहित अन्य गैर-पारंपरिक उड़ने वाली वस्तुओं के परिचालन एवं उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य क्रिकेट मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रतियोगिताओं का शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन करना है।
