अंतरराष्ट्रीय बधिर एथलेटिक्स में हरनौत के अनुपम ने हासिल किया चौथा स्थान

0
WhatsApp Image 2026-10-10 at 5.43.51 AM

800 मीटर दौड़ में 2 मिनट 00.72 सेकंड का समय निकाला, महज 0.56 सेकंड से चूके कांस्य पदक

हरनौत प्रखंड के महमूदपुर बलवा गांव निवासी बधिर एथलीट अनुपम कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। मलेशिया के पेनांग में आयोजित एशिया पैसिफिक डेफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में उन्होंने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में चौथा स्थान हासिल किया। सात अक्टूबर को आयोजित फाइनल मुकाबले में अनुपम ने दो मिनट 00.72 सेकंड का समय निकालकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वह कांस्य पदक जीतने वाले मलेशियाई खिलाड़ी से महज 0.56 सेकंड पीछे रह गए।
प्रतियोगिता में ईरान के अली अलीजादेह ने एक मिनट 57.09 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। जापान के दाइची नाकामुरा एक मिनट 59.88 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मलेशिया के अजलान कुस्ते ने दो मिनट 00.16 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे अनुपम कुमार ने दो मिनट 00.72 सेकंड के समय के साथ चौथा स्थान हासिल किया।
गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
अनुपम कुमार हरनौत प्रखंड के महमूदपुर बलवा गांव निवासी पप्पू यादव के पुत्र और सुरेंद्र यादव के पौत्र हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि में परिवार के सहयोग और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है।
नालंदा में उनके खेल सफर को आगे बढ़ाने में कोच एवं सचिव कुंदन कुमार पांडेय और नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान में अनुपम हरियाणा के गुरुग्राम स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में कोच जितेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ किशोरी जाजोदिया का भी सहयोग मिला है।
जिले के खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणास्रोत
भारतीय राष्ट्रीय बधिर एथलेटिक्स टीम में चयनित होकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना अनुपम के लिए बड़ी उपलब्धि है। उनके प्रदर्शन से नालंदा जिले के खेलप्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह है।
बिहार स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ द डेफ के महासचिव मोहम्मद अतहर अली सहित नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी से जुड़े लोगों और खेलप्रेमियों ने अनुपम को बधाई दी। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले अनुपम की उपलब्धि अन्य बधिर खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि वह आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *