स्कॉर्पियो से 180 लीटर विदेशी बीयर बरामद, चालक गिरफ्तार
पर्व-त्योहारों को लेकर मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई तेज, तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी
बिहारशरीफ (नालंदा)। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए नालंदा जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मद्य निषेध विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार और रविवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने रहुई थाना क्षेत्र के सोहसराय हॉल्ट के पास एक स्कॉर्पियो से 180 लीटर विदेशी बीयर बरामद की। मौके से वाहन चालक को भी गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध विभाग के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि शराब तस्कर स्कॉर्पियो के माध्यम से शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर सोहसराय हॉल्ट के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई 180 लीटर विदेशी बीयर बरामद हुई।
गिरफ्तार चालक की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के मुरारपुर अड्डा निवासी उदय कुमार के रूप में हुई है। छापेमारी टीम में सब इंस्पेक्टर अश्विनी कुमारी, सिपाही अमरेश कुमार तथा होमगार्ड के जवान शामिल थे।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के जरिए बीयर की खेप के स्रोत और इसे पहुंचाने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मद्य निषेध विभाग ने बताया कि पर्व-त्योहार के दौरान शराब की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा। दियारा और ग्रामीण क्षेत्रों में भी ड्रोन एवं खोजी कुत्तों की मदद से छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
