पति को डूबता देख तालाब में कूदी पत्नी, दोनों की मौत

0
WhatsApp Image 2026-10-04 at 9.57.42 PM

अस्थावां के शेरपुर गांव में दर्दनाक हादसा, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाले शव

अस्थावांबिहारशरीफ (नालंदा)। अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय धनकेश्वर मांझी और उनकी पत्नी धनकेसरी देवी, निवासी शेरपुर, के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गांव के उत्तर दिशा स्थित खघां अहरा के पास दशम श्राद्ध का कार्यक्रम आयोजित था। धनकेश्वर मांझी अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचे थे। दोनों तालाब के किनारे कपड़े धो रहे थे। इसी दौरान आंखों से दिव्यांग धनकेश्वर मांझी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।

पति को डूबता देख धनकेसरी देवी उन्हें बचाने के लिए तत्काल तालाब में कूद गईं। तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वह भी पानी में डूब गईं। घटना के समय तालाब के आसपास कुछ महिलाएं जिउतिया पर्व को लेकर स्नान कर रही थीं। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव तालाब से बरामद किए गए।

घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *