रहूई थाना क्षेत्र के भंडारी मोड़ पर हुए गोलीकांड का हुआ खुलासा, देशी कट्टा व कारतूस के साथ एक युवक हुआ गिरफ्तार
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई थाना क्षेत्र के एसएच-78 स्थित भंडारी मोड़ के पास 28 सितंबर को स्कॉर्पियो सवार लोगों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भंडारी गांव निवासी 22 वर्षीय गौतम कुमार, पिता रामसुंदर यादव उर्फ छोटे यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक आईफोन बरामद किया है।
रहूई थाना अध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि 28 सितंबर को प्रेमजीत कुमार उर्फ प्रेम गोप, पिता इंद्रजीत कुमार, निवासी चुरामन बिगहा, थाना वेना, चार-पांच अन्य लोगों के साथ स्कॉर्पियो से खरथुआ गांव से संत बाबा महोत्सव में शामिल होने राजाकुआं जा रहे थे। इसी दौरान एसएच-78 पर भंडारी मोड़ के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी स्कॉर्पियो पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में प्रेमजीत कुमार उर्फ प्रेम गोप मामूली रूप से घायल हो गए थे। घटना के समय रहुई थाना का गश्ती दल भी एसएच-78 पर गश्त कर रहा था। पुलिस टीम को आते देख फायरिंग करने वाले सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
मामले में रहुई थाना कांड संख्या 479/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 को संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल गौतम कुमार को बिहार थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर भंडारी गांव से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। हथियार बरामदगी के संबंध में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पूर्व से दर्ज है मामला: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गौतम कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ रहुई थाना कांड संख्या 141/22, दिनांक 19 मार्च 2022 को मारपीट, चोरी, जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
छापेमारी टीम में शामिल: डीआईयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक आलोक कुमार, डीआईयू के पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, रहुई थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक ललित विजय, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार सुमन, उपेंद्र कुमार राम, सन्नी कुमार, सिपाही धर्मेंद्र कुमार सहित डीआईयू टीम शामिल रही।
