स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बिहारशरीफ में हुआ सामूहिक श्रमदान
सांसद, महापौर, उपमहापौर समेत जनप्रतिनिधियों व निगमकर्मियों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
बिहारशरीफ। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत गुरुबार को बिहारशरीफ नगर निगम की ओर से आनंद मार्ग अंचल कार्यालय के समीप ‘एक दिन-एक घंटा-एक साथ श्रमदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं नगर निगम के कर्मियों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर सामूहिक रूप से श्रमदान किया।
इस अवसर पर नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव, बिहारशरीफ की महापौर अनिता देवी, उपमहापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन सहित नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सदस्य धनंजय कुमार उर्फ पप्पू यादव, विनोद रविदास एवं संजय कुमार आजाद ने सक्रिय सहभागिता की।
इसके अलावा उप नगर आयुक्त शम्स रज़ा, वार्ड पार्षदगण, नगर प्रबंधक साकेश कुमार सिन्हा एवं त्रिपुरारी शरण संजय, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी कुंदन कुमार समेत अन्य पदाधिकारी एवं निगमकर्मी भी श्रमदान में शामिल हुए।
सामूहिक श्रमदान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी, जिम्मेदारी और सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बिहारशरीफ शहर के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
