न्याय के साथ विकास और सुशासन के नीतीश मॉडल को आगे बढ़ा रही है बिहार सरकार : श्रवण कुमार
बिहारशरीफ, संवाददाता। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार सरकार न्याय के साथ विकास और सुशासन के नीतीश मॉडल को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। जो बिहार कभी बदहाली, पलायन और पिछड़ेपन की पहचान माना जाता था, आज वही राज्य विकास, सुशासन और नई संभावनाओं की मिसाल बनकर उभरा है।
मंत्री श्रवण कुमार शनिवार को बिहारशरीफ प्रखंड के मेघी नगवां पंचायत अंतर्गत नगवां गांव में नवनिर्मित यात्री शेड तथा दीपनगर एनएच स्थित गौरैया स्थान से रामानंद सिपाही के घर तक ईंट सोलिंग, नाली निर्माण एवं पीसीसी ढलाई कार्य का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 21 वर्षों में बिहार ने प्रगति, आत्मविश्वास और सम्मान की नई ऊंचाइयों को छुआ है। मुख्यमंत्री ने बिहार के मान, सम्मान और स्वाभिमान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आज उनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है।
श्रवण कुमार ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उन्हें हुनरमंद और कुशल बनाने पर विशेष बल दे रही है। इसका परिणाम है कि बिहार आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिली है तथा रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित हुए हैं। बेहतर सड़कें, हर घर तक बिजली, आधारभूत संरचनाओं का विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन ने बिहार की तस्वीर बदल दी है।
मंत्री ने कहा कि बिहार में हुए अकल्पनीय परिवर्तन की सबसे बड़ी गवाह यहां की जनता है, जिसने अपनी आंखों से न्याय के साथ विकास और सुशासन के मॉडल को साकार होते देखा है। आज बिहार में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा पूरे देश में हो रही है और राज्य नए विश्वास, नए अवसरों तथा नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य ममता चौधरी, जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव जीतन चौहान, संजय प्रसाद कुशवाहा, शंभू कुशवाहा, मुन्ना पासवान, रामवृक्ष प्रसाद, रविंद्र कुशवाहा, संजय राम, रंजीत सिंह, दिनेश साव, इंदु चौहान, कलेश्वर प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष शिवचरण प्रसाद कुशवाहा, सागर कुमार, गुलशन कुशवाहा, सुरेश प्रसाद, अमित यादव, आकाश कुमार, काजल, प्रदीप मुखिया, उपेंद्र दिलवाला, दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
