नालंदा के डीएम कुंदन कुमार ने सौंपा प्रभार, राजीव रंजन कुमार सिन्हा बने प्रभारी जिलाधिकारी

0
WhatsApp Image 2026-06-20 at 5.58.14 AM

बिहारशरीफ, संवाददाता। नालंदा के जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार के जिला पदाधिकारी, पटना के पद पर स्थानांतरण के उपरांत शुक्रवार को प्रशासनिक परंपरा एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत नालंदा जिले का प्रभार प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिन्हा को विधिवत रूप से सौंप दिया गया।

प्रभार ग्रहण करने के बाद राजीव रंजन कुमार सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित सभी विकासात्मक एवं जनहितकारी योजनाओं को निरंतर गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा तथा जिले के समग्र विकास के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।

प्रभार हस्तांतरण कार्यक्रम के बाद हरदेव भवन सभागार में निवर्तमान जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार के सम्मान में विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और जनहित के प्रति समर्पण की सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि कुंदन कुमार के कार्यकाल में जिले में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ। साथ ही विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गईं। उनके नेतृत्व में प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए।

अपने संबोधन में कुंदन कुमार ने नालंदा में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नालंदा में बिताया गया समय उनके प्रशासनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय अध्याय रहेगा। उन्होंने जिले के विकास में सभी के सामूहिक योगदान की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशासनिक कार्यकाल की कामना की गई।

कार्यक्रम में प्रभारी जिला पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार सिन्हा, नगर आयुक्त, प्रभारी उप विकास आयुक्त-सह-अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), जिला नजारत शाखा उपसमाहर्ता, जिला स्थापना शाखा उपसमाहर्ता सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *