डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधी हथियार और चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-10-31 at 5.42.18 AM

दो देसी कट्टा व आठ कारतूस बरामद, हरनौत ओवरब्रिज के पास पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई, गिरफ्तार आरोपितों में नालंदा और छपरा के युवक शामिल

हरनौत थाना क्षेत्र के चेरन ओवरब्रिज के पास पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं। इनमें दो मोबाइल रूपसपुर गांव में हाल के दिनों में हुई चोरी के बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई 29 अक्टूबर की देर रात हरनौत थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई नालंदा की संयुक्त टीम ने की। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि देर रात पांच अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना से चेरन ओवरब्रिज के पास एकत्रित हुए थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस और जिला आसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान सभी पांचों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से दो देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मोबाइल में दो मोबाइल रूपसपुर गांव में हाल के दिनों में घरों में हुई चोरी के हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के बिचली बाजार निवासी मल्लू कुमार (22), रहुई थाना क्षेत्र के रहुई गांव निवासी पिंटू कुमार (22), छपरा जिले के कोपा थाना क्षेत्र के रेवाड़ी निवासी किशन सिंह (19), कल्याणबिगहा थाना क्षेत्र के कल्याणबिगहा निवासी मिथुन कुमार (24) और महथवर निवासी विशाल कुमार (18) के रूप में हुई है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है। ये पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं और नालंदा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ हरनौत थाना में वर्ष 2025 और 2026 के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा दीपनगर थाना और कोलकाता के सनकैल थाना क्षेत्र में भी इनके विरुद्ध मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
संयुक्त छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
छापेमारी टीम का नेतृत्व हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने किया। टीम में जिला आसूचना इकाई के पुलिस निरीक्षक आलोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, हरनौत थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार सहित जिला आसूचना इकाई और हरनौत थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *