नालंदा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, होटल-लॉज में चल रही चेकिंग – सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर

0
IMG-20250510-WA0044

बिहार शरीफ (नालंदा) : भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र नालंदा जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिले में पुलिस अलर्ट मोड में है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

गश्त और होटल-लॉज में चेकिंग तेज

शहर में गश्त बढ़ा दी गई है। सभी होटल और लॉज में सघन चेकिंग की जा रही है। वहां ठहरने वाले हर व्यक्ति का फोटो आईडी लेना और उसका सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को देने का निर्देश जारी हुआ है।

कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द, अधिकारियों को अलर्ट

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा सभी सिविल और पुलिसकर्मियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं और उन्हें मुख्यालय में ही बने रहने का निर्देश दिया गया है। बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और एसडीपीओ को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

साइबर कैफे पर भी निगरानी

सभी साइबर कैफे में आने वाले व्यक्तियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। अनुमंडल और थाना स्तर पर साइबर कैफे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

खाद्यान्न वितरण की विशेष व्यवस्था

भारत सरकार के निर्देश पर अगले दो महीनों का राशन एकसाथ वितरित किया जाएगा। इसके लिए परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियाँ की जा रही हैं।

कालाबाज़ारी पर सख्ती, टास्क फोर्स का गठन

जिलाधिकारी ने कहा कि कठिन समय में जमाखोरी की आशंका बढ़ जाती है। दवाइयों, तेल, चीनी आदि की कालाबाज़ारी रोकने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है जो थोक व्यापारियों पर नजर रखेगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फायर ब्रिगेड और आपात व्यवस्था तैनात

जिले के सभी अग्निशमन वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। चालकों को एक्टिव मोड में रखा गया है, जिससे ज़रूरत पड़ने पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके।

सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की फेक न्यूज न फैलाएं, क्योंकि इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।

प्रशासन ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। खोले इंडिया गेम्स सहित अन्य गतिविधियाँ सामान्य रूप से चल रही हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *