नालंदा में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, तीन नए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय शीघ्र होंगे संचालित

0
IMG-20260129-WA0043

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं, विद्यालयों की स्थिति तथा नवीन शैक्षणिक अवसंरचना से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि नालंदा जिले में हिलसा, राजगीर एवं एकंगरसराय में स्थापित किए गए तीन कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (टाइप–3) के भवन निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

1001218633

इन आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9 से 12वीं तक की छात्राओं के लिए आवासीय सुविधा के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में 100 छात्राओं के आवास की क्षमता निर्धारित की गई है। इससे विशेष रूप से वंचित एवं पिछड़े वर्ग की बालिकाओं को उच्च माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

जिला पदाधिकारी ने नव निर्मित विद्यालयों के शीघ्र संचालन पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से इन विद्यालयों का विधिवत संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त, नालंदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बीआरपी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *