राजगीर मॉब लिंचिंग मामला: मंत्री लखेंद्र पासवान ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, दोषियों पर स्पीडी ट्रायल की मांग
बिहारशरीफ/राजगीर, संवाददाता। नालंदा जिले के राजगीर में मलमास मेले के दौरान दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया।
परिजनों से मुलाकात के बाद मंत्री लखेंद्र पासवान ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने नालंदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से फोन पर बात कर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही राजगीर थानाध्यक्ष की भूमिका एवं गतिविधियों की भी जांच कराने को कहा।
मंत्री ने कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।
उन्होंने घटना से जुड़े मंदिर में रह रहे साधु के आचरण की भी जांच कराने की मांग की। मंत्री ने कहा कि साधु-संत समाज की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है। यदि कोई असामाजिक तत्व साधु का वेश धारण कर मंदिरों में रहकर अपराध को अंजाम देता है, तो उसकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
लखेंद्र पासवान ने कहा कि कुछ अपराधी साधु के वेश में रहकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं और सरकार व धार्मिक संस्थाओं की छवि धूमिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी सजा की मांग की। वहीं प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
