धनतेरस पर बिहारशरीफ के बाजारों में उमड़ा खरीदारों का सैलाब, देर शाम तक रही रौनक
महंगाई के कारण बर्तन बाजार में दिखी सुस्ती, पटाखों की खरीदारी में तेजी ; सुरक्षा को लेकर पुलिस रही अलर्ट
बिहारशरीफ। धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को बिहारशरीफ के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। दीपावली को लेकर बाजार पहले से ही रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और तरह-तरह के सामानों से गुलजार थे। धनतेरस पर खरीदारी की परंपरा को निभाने के लिए लोगों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार जमकर खरीदारी की।
धनतेरस को लेकर बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर, झाड़ू और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। मान्यता है कि धनतेरस के दिन नई वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ होता है। इसी परंपरा के तहत लोगों ने पीतल, स्टील एवं अन्य धातुओं के बर्तन, आभूषण और घरेलू सामान खरीदे। महिलाओं और बच्चों में भी खरीदारी को लेकर खासा उत्साह रहा।
शहर के भरावपर, पुलपर, रामचंद्रपुर और खंदकपर सहित प्रमुख बाजारों में सबसे अधिक चहल-पहल देखने को मिली। इन इलाकों में सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर तीन बजे के बाद बाजारों में भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होने लगी। खरीदारी करने पहुंचे लोगों और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण शहर में कई जगहों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
महंगाई का असर, बर्तन बाजार में अपेक्षाकृत कम रौनक
इस मौके पर उमंग बर्तन स्टोर के संचालक शकील अहमद ने बताया कि धनतेरस को लेकर ग्राहकों में उत्साह तो है, लेकिन महंगाई के कारण बाजार में अपेक्षाकृत सुस्ती देखने को मिल रही है। इसके बावजूद लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से पसंदीदा बर्तन एवं घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
वहीं, पटाखा दुकान के संचालक शहाबुद्दीन ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को लेकर पटाखों की खरीदारी में तेजी देखी जा रही है। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार विभिन्न प्रकार के पटाखे खरीद रहे हैं।
सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, दुकानों पर अग्निशमन व्यवस्था की जांच
त्योहार के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय थाना पुलिस की ओर से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मोड़ों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग भी की गई, ताकि आवागमन को व्यवस्थित रखा जा सके। इसके साथ ही पटाखा दुकानों पर अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया और आवश्यक जांच की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पूजा सामग्री और दीपावली के सामानों की भी खूब हुई बिक्री
धनतेरस पर मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की प्रतिमाओं, मिठाइयों, पटाखों, मोमबत्तियों, मिट्टी के दीयों और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी खूब खरीदारी हुई। शाम होते-होते बाजारों की रौनक और बढ़ गई। ग्राहकों की लगातार आवाजाही से दुकानदार भी दिनभर व्यस्त नजर आए।
कुल मिलाकर धनतेरस पर बिहारशरीफ के बाजारों में त्योहार का उत्साह और खरीदारी की उमंग देखने को मिली। हालांकि महंगाई का असर कुछ कारोबार पर नजर आया, लेकिन बाजारों में उमड़ी भीड़ ने दीपावली की खुशियों और व्यापारिक गतिविधियों को नई रौनक दे दी।
