प्राण प्रतिष्ठा से पहले राधा-कृष्ण की प्रतिमा का नगर भ्रमण, भव्य शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु

0
IMG-20260206-WA0014

अनुमंडल संवाददाता, राजगीर, राजीव लोचन की रिपोर्ट…

राजगीर (नालंदा)। भागवत कथा के छठे दिन गुरुवार को देवी स्थान मंदिर परिसर से राधा-कृष्ण की प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण कराया गया। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व निकाली गई इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पालकी पर श्री राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रतिमा के साथ अन्य आराध्य देवताओं की मूर्तियां भी स्थापित की गई थीं।
शोभायात्रा देवी स्थान मंदिर से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों और मंदिरों से होकर गुजरी। बड़ी संगत स्थित विष्णु मंदिर, थाना रोड के रामकुटी हनुमान गढ़ी, ब्रह्मकुंड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, गढ़ महादेव मंदिर, बस स्टैंड स्थित त्रिदंडी आश्रम और नौलखा मंदिर मोड़ स्थित ठाकुरबाड़ी में दर्शन कराते हुए यात्रा पुनः देवी स्थान मंदिर लौटी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और ‘जय श्री राधे-कृष्ण’ के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रामकृष्ण प्रसाद सिंह, पूर्व पार्षद इन्द्र मोहन सिंह निराला, उपेंद्र कुमार विभूति, मालती देवी, शारदा सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

1001234972


कमेटी अध्यक्ष रामकृष्ण प्रसाद सिंह ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रतिमाओं का नगर भ्रमण श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन कराने, उत्साह बढ़ाने और समाज को धार्मिक रूप से जोड़ने की परंपरा है। कथा वाचक आचार्य दीनबंधु शरण ने कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को सत्य, प्रेम और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
शुक्रवार को सातवें दिन वैदिक मंत्रोच्चार और अखंड महाअष्टयाम संकीर्तन के साथ विधि-विधान से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *