आम की पेटियों में छिपाकर लाई जा रही थी शराब, नालंदा में 180 लीटर बीयर के साथ चार गिरफ्तार
बिहारशरीफ, संवाददाता। मद्यनिषेध विभाग, नालंदा ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आम से लदे एक ट्रक से भारी मात्रा में बीयर बरामद की है। इस दौरान ट्रक चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से एक आयशर ट्रक (BR01GN-8726) पर आम लोड करने की आड़ में अवैध शराब लादकर सरमेरा के रास्ते इस्लामपुर लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए सदर टीम के एएसआई मनोज कुमार तथा मद्यनिषेध थाना हिलसा के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार एवं एएसआई निरंजन कुमार के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने सरमेरा थाना क्षेत्र के पेंदी गांव के समीप मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में लदी आम की पेटियों के बीच छिपाकर रखी गई 15 पेटी हेवर्ड्स 5000 कैन बीयर बरामद की गई। बरामद बीयर की कुल मात्रा लगभग 180 लीटर बताई गई है। ट्रक से करीब 460 पेटी आम भी बरामद हुए, जिनकी आड़ में शराब की खेप को बिहार लाया जा रहा था।
मामले में पुलिस ने चालक शुभम कुमार उर्फ शिवम कुमार (दीपनगर), परिचालक मंजीत कुमार (बेन), परिचालक सुजीत कुमार (दीपनगर) तथा वाहन मालिक पप्पू कुमार (सोहसराय) को गिरफ्तार किया है।
मद्यनिषेध विभाग ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस धंधे में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
