नालंदा में “बेबी बर्थ एग्रीमेंट” के नाम पर साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20250426-WA0088

सिलाव (नालंदा) : नालंदा जिले में साइबर अपराध लगातार नए-नए तरीकों से बढ़ते जा रहे हैं। इसी क्रम में सिलाव थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़े साइबर ठगी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि सिलाव थाना क्षेत्र के कदमतर गांव में “बेबी बर्थ एग्रीमेंट” के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कदमतर गांव में छापेमारी कर टंडन कुमार और सचिन कुमार को गिरफ्तार किया।

1000630125

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फेसबुक पर महिलाओं की फर्जी प्रोफाइल बनाकर नवजात शिशु को गोद लेने संबंधी विज्ञापन डालते थे। विज्ञापन में यह झांसा दिया जाता था कि गोद लेने वाले परिवार को 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

जो भी व्यक्ति उस पोस्ट पर अपनी रुचि दिखाता था या कमेंट बॉक्स में संपर्क नंबर साझा करता था, उसे कॉल कर विभिन्न मदों में पैसे मांगे जाते थे — जैसे रजिस्ट्रेशन के नाम पर 450 रुपये, आईडी बनाने के नाम पर 1,100 रुपये, वेरिफिकेशन के नाम पर 2,500 रुपये, एग्रीमेंट पेपर के नाम पर 4,500 रुपये और रूम भाड़े के नाम पर 10,000 रुपये।

1000630033

इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा बाद में अश्लील वीडियो भेजकर पीड़ितों को ब्लैकमेल कर और अधिक पैसे की मांग भी की जाती थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। नालंदा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर इस तरह के किसी भी झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *