नंदाबीघा मोड़ के पास पेड़ से लटका मिला 22 वर्षीय युवक का शव, इलाके में मची सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

0
WhatsApp Image 2026-09-01 at 11.02.57 PM

हरनौत थाना और कल्याणबीघा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके नंदाबीघा मोड़ के समीप बिचली अलंग के खंधा में मंगलवार की सुबह लगभग 6:30 बजे पेड़ से लटका एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही हरनौत थाना, कल्याणबीघा थाना एवं चेरो ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि कुछ ही देर में मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के हासनचक गांव के टोला चौरियापर निवासी मुरारी चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र सिंधु कुमार के रूप में हुई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि युवक पिछले करीब पांच वर्षों से डिप्रेशन में था और इन दिनों उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। परिजनों के अनुसार, युवक सोमवार शाम घर से निकला था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव और डिप्रेशन के कारण उसने यह कदम उठाया होगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *