ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार,कतरीसराय के गोवर्धन बिगहा में पुलिस की छापेमारी

0
WhatsApp Image 2026-08-26 at 8.58.26 PM

एक विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध; 5 स्मार्टफोन, 3 की-पैड मोबाइल, 13 एटीएम कार्ड समेत ठगी का सामान बरामद

कतरीसराय – नालंदा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कतरीसराय थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कतरीसराय थाना क्षेत्र के गोवर्धन बिगहा गांव में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
पुलिस के अनुसार, गोवर्धन बिगहा गांव में कुछ लोगों द्वारा संगठित रूप से ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से शिवम कुमार और भोला कुमार को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में शिवम कुमार (22 वर्ष), पिता रामेश्वर कुमार, निवासी बांसगढ़, थाना मरांची, जिला पटना, वर्तमान पता गोवर्धन बिगहा, थाना कतरीसराय, जिला नालंदा तथा भोला कुमार (27 वर्ष), पिता महेश राम, निवासी गोवर्धन बिगहा, थाना कतरीसराय, जिला नालंदा शामिल हैं।
बड़ी मात्रा में साइबर ठगी का सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से 5 स्मार्ट मोबाइल फोन, 3 की-पैड मोबाइल, 13 एटीएम कार्ड, 5 पासबुक, चेकबुक, डोंगल सहित अन्य साइबर ठगी से संबंधित सामग्री बरामद की है। पुलिस बरामद सामान के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई से यह सामने आया है कि आरोपित ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करते थे। बरामद मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य सामान की जांच के बाद ठगी के नेटवर्क से जुड़े और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
इनकी रही अहम भूमिका
छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक सुमंत कुमार, गिरियक अंचल; पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार, थानाध्यक्ष गिरियक थाना; पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा, थानाध्यक्ष कतरीसराय; पुलिस अवर निरीक्षक गुरुदेव खड़िया; सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार; सहायक अवर निरीक्षक मनीष कुमार, सहित कतरीसराय थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा। ऑनलाइन लॉटरी, इनाम, नौकरी, लोन या अन्य किसी भी तरह का लालच देकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *