प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा: आवेदन, अधिष्ठापन और स्ट्रक्चर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-08-06 at 8.28.28 AM
  • प्रत्येक सप्ताह न्यूनतम 150 नए आवेदन दर्ज कराने का लक्ष्य निर्धारित।
  • विद्युत विभाग को प्रति सप्ताह 100 सोलर संयंत्रों का अधिष्ठापन सुनिश्चित करने का निर्देश।
  • साप्ताहिक आधार पर 1500 स्ट्रक्चर निर्माण एवं 1000 सोलर पैनलों के अधिष्ठापन का लक्ष्य तय।

बिहारशरीफ (नालंदा)। समाहरणालय में बुधवार को विद्युत विभाग से संबंधित केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने योजना के अंतर्गत पिछले तीन दिनों में प्राप्त 48 नए आवेदनों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अब प्रत्येक सप्ताह न्यूनतम 150 नए आवेदन दर्ज कराए जाएं तथा 100 सोलर संयंत्रों का अधिष्ठापन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के परिसरों में सोलर संयंत्र स्थापना के लिए आवश्यक स्ट्रक्चर निर्माण कार्य की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यरत एजेंसी ‘सेन एंड पंडित’ के स्थानीय प्रतिनिधि को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम 1500 स्ट्रक्चर का निर्माण तथा 1000 सोलर पैनलों का अधिष्ठापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों के बिजली खर्च को कम करने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसलिए योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करने तथा समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ शीघ्रता से अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *