बेटियों को जिलाधिकारी का संदेश: “एकलव्य की तरह सीखने का जुनून रखें, सफलता स्वयं आपके पास आएगी”

0
WhatsApp Image 2026-08-01 at 7.01.50 PM (1)

छात्राओं की सुरक्षा पर सख्त निर्देश, 112, 181 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी, रील्स से दूरी बनाकर AI और इंटरनेट का सही उपयोग करने की दी सलाह

बिहारशरीफ (नालंदा), 1 अगस्त 2026। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में छात्राओं के साथ एक प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती उदीता सिंह ने एसएस बालिका उच्च विद्यालय, बिहारशरीफ की छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें शिक्षा, सुरक्षा, आत्मविश्वास और तकनीक के सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि “एकलव्य की तरह सीखने का जुनून रखें, सफलता स्वयं आपके पास आएगी। विपरीत परिस्थितियों में हार न मानकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करना ही सबसे बड़ी साधना है। बदलाव के लिए किसी बड़े पद या कुर्सी का इंतजार न करें, आप जहां हैं, वहीं से सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत करें।”

नालंदा की खूबियों के साथ छात्राओं ने दिए सुधार के सुझाव

कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं से संवाद के साथ हुई। जिलाधिकारी ने उनसे पूछा कि वे अपने शहर की तीन प्रमुख खूबियां और तीन सुधार योग्य बिंदु क्या मानती हैं। इस पर छात्राओं ने कहा कि नालंदा प्रदूषण मुक्त है तथा यहां सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते हैं। उन्होंने शहर के पार्कों और शिक्षा के बेहतर माहौल की सराहना की। वहीं कचहरी क्षेत्र समेत कुछ स्थानों पर बेहतर सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक सुधार और बिजली के तारों को व्यवस्थित करने जैसे सुझाव भी दिए।

मनचलों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

संवाद के दौरान छात्राओं ने नईसराय से कन्या मध्य विद्यालय रोड तक शाम के समय असामाजिक तत्वों एवं मनचलों द्वारा छेड़खानी की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उक्त क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायत करने वाली छात्राओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जबकि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपात स्थिति में करें इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल

जिलाधिकारी ने छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक 112 (पुलिस कंट्रोल रूम), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) पर कॉल करें। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम लगभग 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचने का प्रयास करेगी।

उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर इन हेल्पलाइन नंबरों के साइनेज बोर्ड लगाए जाएं तथा मॉर्निंग असेंबली (चेतना सत्र) के माध्यम से नियमित रूप से छात्राओं को इनके बारे में जागरूक किया जाए।

एकलव्य का उदाहरण देकर बढ़ाया आत्मविश्वास

छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए जिलाधिकारी ने महाभारत के एकलव्य का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि एकलव्य ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने अटूट जुनून और समर्पण से धनुर्विद्या सीखी थी। इसलिए कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि कहीं कोई गलत कार्य होता दिखे तो आगे बढ़कर उसका विरोध करें। बेटियों की जागरूकता और साहस से ही समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

रील्स में समय न गंवाएं, AI और इंटरनेट का करें सदुपयोग

डिजिटल युग की जरूरतों पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने छात्राओं को सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय व्यतीत करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंटरनेट ज्ञान का विशाल भंडार हैं, जिनका उपयोग पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि छात्राएं अपनी भाषा, जैसे मगही, भोजपुरी अथवा हिंदी में भी AI की सहायता से जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही सरकार एवं जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फॉलो कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय पर हासिल करें।

ICCC और वन स्टॉप सेंटर का कराया गया भ्रमण

संवाद कार्यक्रम के बाद छात्राओं को एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (ICCC) का भ्रमण कराया गया। यहां उन्होंने शहर में लगे 491 सीसीटीवी कैमरों, 15 स्थानों पर स्थापित पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा 10 प्रमुख स्थानों पर लगाए गए इमरजेंसी कॉल बॉक्स (हेल्प बटन) की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

इसके अलावा छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर का भी भ्रमण कराया गया, जहां महिलाओं को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी, सामाजिक एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने छात्राओं को संदेश देते हुए कहा, “Be the Change You Want to See – All the Best.” उनके प्रेरक शब्दों से छात्राओं में नया आत्मविश्वास और उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, लैंगिक विशेषज्ञ तथा विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *