रूपसपुर में बंद पड़े घर का ताला तोड़कर ₹2.50 लाख नकद समेत करीब ₹18 लाख के गहनों की चोरी,डॉग स्क्वायड की मदद से जांच में जुटी हरनौत पुलिस

0
WhatsApp Image 2026-08-01 at 7.11.53 PM (1)

हरनौत थाना क्षेत्र के रूपसपुर गांव के वार्ड संख्या-16 स्थित मुशहरी टोला में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़े मकान में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया। अज्ञात चोरों ने सुनसान पड़े घर का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा, घर के अंदर प्रवेश किया और गोदरेज व लोहे की पेटी का ताला तोड़कर करीब ₹2.50 लाख नकद तथा लगभग ₹18 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

मकान मालिक अजय कुमार के पुत्र जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनका पूरा परिवार वर्तमान में पटना में रहता है। गांव स्थित पैतृक मकान में बीच-बीच में आना-जाना होता रहता है। शुक्रवार की रात घर पूरी तरह बंद था। शनिवार सुबह करीब छह बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह तत्काल रूपसपुर पहुंचे। घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला कटा हुआ था और अंदर जाने पर कमरे में रखे गोदरेज तथा लोहे की पेटी का ताला भी टूटा हुआ मिला। घर के सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे प्रतीत होता है कि चोरों ने काफी देर तक घर में रहकर आराम से हर कोने की तलाशी ली।

पीड़ित परिवार के अनुसार गोदरेज में रखे ₹2.50 लाख नकद, सोने की दो जोड़ी कान की बाली, दो चेन, दो अंगूठियां, तीन लॉकेट, पांच मंगलसूत्र, एक झुमका, एक नथिया तथा चांदी की चार जोड़ी पायल चोरी हो गईं। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब ₹18 लाख बताई जा रही है।

जितेंद्र कुमार ने बताया कि करीब एक माह पूर्व उनकी भतीजी की शादी इसी मकान से हुई थी। शादी में उपयोग किए गए अधिकांश आभूषण सुरक्षित रखने के लिए गोदरेज में रखे गए थे। वहीं घर में रखी ₹2.50 लाख की नकद राशि सोनार को भुगतान करने के उद्देश्य से रखी गई थी, जिसे भी चोर अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि चोर केवल कीमती सामान ही अपने साथ ले गए, जबकि अन्य सामान घर में बिखरा छोड़ दिया।

परिजनों का मानना है कि अज्ञात चोरों ने शुक्रवार देर रात सुनसान घर का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बड़ी ही शातिर तरीके से ताला काटा और बिना किसी शोर-शराबे के लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी चोरी होने के बावजूद आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी की होगी और यह जानकारी जुटा ली होगी कि मकान में कोई मौजूद नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। चोरी की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम को बुलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई, ताकि अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिल सके। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ताला तोड़कर चोरी करने का प्रतीत होता है। पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी और मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस घटना के बाद रूपसपुर गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्ती बढ़ाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *