बिहार में सरकारी शिक्षा को मिलेगा नया आयाम: 551 मॉडल स्कूलों का शुभारंभ, नालंदा के 20 विद्यालय भी बने ‘सरस्वती विद्या निकेतन’

0
IMG-20260719-WA0067

बिहारशरीफ। बिहार में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को निजी विद्यालयों के समकक्ष विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से राज्य के 551 मॉडल स्कूलों का ऑनलाइन शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में आधुनिक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

इस अभियान के तहत राज्य के प्रत्येक चयनित प्रखंड से एक-एक विद्यालय को ‘सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। नालंदा जिले के सभी 20 प्रखंडों से भी एक-एक विद्यालय का चयन किया गया है।

1001612185

निजी स्कूलों जैसी मिलेंगी सुविधाएं

चयनित मॉडल स्कूलों में छात्रों को स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड, आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने बताया कि इन विद्यालयों की सभी तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी कर ली गई हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल : डॉ. सुनील कुमार

भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को उन 211 प्रखंडों में महाविद्यालयों का शुभारंभ किया गया, जहां पहले कोई कॉलेज नहीं था। अब 551 सरकारी विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन सह आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है।

1001612096

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में लगभग 5 हजार विद्यालय थे, जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर लगभग 73 हजार हो गई है। यह योजना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।

एआई और आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे विद्यार्थी

एमएलसी रीना यादव ने कहा कि मॉडल स्कूलों की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और नई तकनीकों से जोड़ना है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पूरी दुनिया में शिक्षा का स्वरूप बदल रहा है। बिहार सरकार चाहती है कि राज्य के छात्र-छात्राएं भी इस तकनीक का लाभ उठाएं और प्रतिस्पर्धी दुनिया में आगे बढ़ें।

1001613252

विद्यालय को नए भवन की जरूरत

बिहारशरीफ स्थित जवाहर कन्या प्लस-टू विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कपिल देव प्रसाद यादव ने इस अवसर को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने विधायक डॉ. सुनील कुमार एवं जिला प्रशासन से विद्यालय के लिए नए भवन और विशेष फंड की मांग की।

उन्होंने बताया कि भवन की कमी के कारण भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की प्रयोगशालाएं फिलहाल एक ही कमरे में संचालित हो रही हैं। वहीं स्मार्ट क्लास वाले भवन की छत भी जर्जर हो चुकी है। मरम्मत के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन विद्यालय के पांच कमरे अभी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास के लिए प्रशासन से विशेष पहल की मांग की।

1001613291

नालंदा के ये 20 विद्यालय बने मॉडल स्कूल

  • अस्थावां – आरएसबी विद्यालय
  • बेन – गुरुशरणपुर विद्यालय
  • बिहारशरीफ – जवाहर कन्या प्लस-टू विद्यालय
  • बिंद – उच्च विद्यालय
  • चंडी – तुलसीगढ़ विद्यालय
  • एकंगरसराय – एसएस एकेडमी
  • गिरियक – चोरसुआ विद्यालय
  • हरनौत – गोनावां पोआरी विद्यालय
  • हिलसा – आरएस विद्यालय
  • इस्लामपुर – नेताजी सुभाष विद्यालय
  • करायपरसुराय – मकरौता विद्यालय
  • कतरीसराय – गोवर्धन बिगहा विद्यालय
  • नूरसराय – सरदार बिगहा विद्यालय
  • नगरनौसा – भेभी विद्यालय
  • परवलपुर – बड़ी मठ विद्यालय
  • रहुई – पैठना सर्वोदय विद्यालय
  • राजगीर – बेलदार बिगहा विद्यालय
  • सरमेरा – उच्च विद्यालय
  • सिलाव – रास बिहारी विद्यालय
  • थरथरी – अस्ता उच्च विद्यालय

करीब 18,899 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इन मॉडल स्कूलों में कक्षा 9 एवं 10 के लगभग 18,899 विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का लाभ मिलेगा। प्रवेश प्रक्रिया के तहत एनएमएमएस (NMMS) परीक्षा में सफल मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया है। प्रत्येक सेक्शन में केवल 40 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है, ताकि शिक्षकों द्वारा प्रत्येक छात्र पर व्यक्तिगत ध्यान दिया जा सके।

1001613264

120 शिक्षकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगभग 120 शिक्षकों को एससीईआरटी, पटना तथा डाइट के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा कठिन विषयों की पढ़ाई के लिए ऑनलाइन डिजिटल प्लेटफॉर्म की भी व्यवस्था की गई है, जहां विशेषज्ञ शिक्षक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। इससे ग्रामीण और दूर-दराज के छात्रों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *