हिलसा स्टेशन के पास मालगाड़ी की चार बोगियां बेपटरी, रेल परिचालन ठप; कई ट्रेनें प्रभावित

0
WhatsApp Image 2026-07-14 at 6.31.42 AM

हिलसा (नालंदा)। नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन के पास फतुहा–इस्लामपुर रेलखंड पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। फतुहा से नटेसर की ओर जा रही एक खाली मालगाड़ी की चार बोगियां स्टेशन में प्रवेश के दौरान अचानक बेपटरी हो गईं। हादसे के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया, वहीं हिलसा–चिकसौरा मार्ग सहित आसपास के कई रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, खाली मालगाड़ी फतुहा से नटेसर की ओर जा रही थी। हिलसा रेलवे स्टेशन में एंट्री के दौरान अचानक उसके चार वैगन पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन प्रबंधन ने रेलवे के वरीय अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ तथा रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गए। पटना से राहत एवं बचाव दल भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। रेलवे की टीम युद्धस्तर पर ट्रैक बहाल करने के कार्य में जुटी हुई है।

हादसे के कारण फतुहा–इस्लामपुर रेलखंड पर रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसके चलते दिल्ली–इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस, पटना–इस्लामपुर पैसेंजर (लोकल) तथा इस्लामपुर–हटिया एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।

घटना के संबंध में रेलवे अधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि हादसे के समय मालगाड़ी की गति लगभग 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मालगाड़ी किन परिस्थितियों में बेपटरी हुई। फिलहाल प्राथमिकता ट्रैक को जल्द से जल्द चालू कर रेल परिचालन सामान्य करने की है।

मालगाड़ी की बोगियां ट्रैक पर फंस जाने के कारण हिलसा–चिकसौरा सड़क मार्ग और आसपास के रेलवे फाटकों पर भारी जाम लग गया। हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद कई वाहन चालक बाईपास मार्ग का सहारा लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रैक बहाली का कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही रेल सेवा सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *