राजगीर हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिले लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रभारी अरुण भारती, निष्पक्ष जांच की मांग
बिहारशरीफ/राजगीर, संवाददाता। राजगीर के मलमास मेला क्षेत्र स्थित झुनकिया बाबा मंदिर के निकट पिंटू पासवान और श्रवण पासवान की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने के मामले को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर बिहार प्रभारी सह सांसद अरुण भारती ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया।
अरुण भारती ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उनकी पीड़ा सुनी तथा घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष, सघन और त्वरित जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए। पार्टी ने इस घटना को अत्यंत दुखद, निंदनीय और अमानवीय बताते हुए कहा कि सभ्य समाज में इस प्रकार की घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने यह भी जानकारी दी कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी जल्द ही पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे तथा न्याय दिलाने की दिशा में हरसंभव प्रयास करेंगे।
