मोहर्रम को लेकर जिला प्रशासन का फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

0
IMG-20260625-WA0062

नालंदा, 24 जून 2026। मोहर्रम पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार देर शाम जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने संयुक्त रूप से बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला।

फ्लैग मार्च के दौरान बिहारशरीफ शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों तथा जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर आमजन से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सजग है। सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार गश्ती, निगरानी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोका जा सके।

फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सुरक्षा बल के जवान मौजूद थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *