चौहरमल मंदिर के पास चंदा वसूली के दौरान युवक की मौत, हत्या का मामला दर्ज

0
WhatsApp Image 2026-06-23 at 11.12.08 PM

बिहारशरीफ/अस्थावां, संवाददाता। अस्थावां थाना क्षेत्र के कोनन्द गांव स्थित चौहरमल मंदिर के पास चंदा वसूली के दौरान हुई घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को सूचना मिली कि कोनन्द गांव स्थित चौहरमल मंदिर के पास आगामी चौहरमल महोत्सव को लेकर कुछ लोग चंदा मांग रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक—चिंटू कुमार (19 वर्ष), पिता गोलन यादव, निवासी जहॉंगीरपुर तथा सचिन कुमार, पिता उदय यादव, निवासी कोनन्द, दोनों थाना अस्थावां, वहां से गुजर रहे थे।

आरोप है कि चंदा मांग रहे लोगों ने बाइक को रोकने के लिए सड़क पर बांस फंसा दिया, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान चिंटू कुमार की मौत हो गई। इसके बाद मृतक के भाई द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर अस्थावां थाना कांड संख्या 186/26, दिनांक 23 जून 2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मृतक चिंटू कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा दुर्घटनाग्रस्त बाइक के टूटे हुए हिस्सों सहित अन्य साक्ष्यों को एकत्र किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *