नालंदा में 21 जून को होगी NEET (UG) 2026 परीक्षा, 3804 परीक्षार्थी होंगे शामिल
बिहारशरीफ, संवाददाता। नालंदा जिले में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित हरदेव भवन सभागार में प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारियों, स्कॉट पार्टी, पुलिस पदाधिकारियों एवं परीक्षा केंद्राधीक्षकों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी जिला पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,804 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष का टोल-फ्री नंबर 18003456323 जारी किया गया है। परीक्षा के दौरान नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी पूरे समय उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
परीक्षा के दौरान 7 स्टैटिक दंडाधिकारी, 7 स्कॉर्ट पार्टी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से कम-से-कम तीन घंटे पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी बिहारशरीफ एवं राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिहारशरीफ-1, बिहारशरीफ-2 एवं राजगीर तथा पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) परीक्षा के दिन लगातार भ्रमणशील रहकर यातायात, वाहन पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस अवधि में अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही, भीड़-भाड़ और अन्य अवांछित गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
