आलावां पंचायत में लगा सहयोग शिविर, 115 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा, डीएम-एसपी ने किया पौधारोपण, बोले- सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत मंगलवार को परवलपुर प्रखंड की आलावां पंचायत स्थित ग्राम पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम और एसपी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से आवेदन, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी सहित अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों को ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। लोगों की सुविधा के लिए पंचायतों एवं नगर निकायों में ऐसे शिविरों का आयोजन आगे भी जारी रहेगा।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं आवेदनों का निष्पादन कराया। इस दौरान कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
विभागवार प्राप्त आवेदनों में प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय के 24, अंचल कार्यालय के 19, आपूर्ति विभाग के 4, श्रम प्रवर्तन विभाग का 1, सहकारिता विभाग के 44, कृषि विभाग के 3, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के 8, विद्युत विभाग के 2, पंचायत विभाग के 4, लघु सिंचाई विभाग के 2 तथा जन्म-मृत्यु निबंधन से संबंधित 4 आवेदन शामिल थे।
जिला प्रशासन ने बताया कि 17 और 18 जून को जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आवेदन, निबंधन, सत्यापन और ई-केवाईसी जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
