नालंदा में एलपीजी को लेकर प्रशासन सख्त: भरपूर स्टॉक, अफवाहों से दूर रहने की अपील, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

0
IMG-20260318-WA0005

शंकर कुमार की रिपोर्ट,

नालन्दा जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक में तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ आपूर्ति शृंखला की विस्तृत समीक्षा की गई।

स्टॉक में पर्याप्त सिलेंडर, निर्बाध आपूर्ति जारी

समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। आंकड़ों के अनुसार, आईओसीएल (IOCL) की 18 एजेंसियों के पास 4,501 सिलेंडर, बीपीसीएल (BPCL) की 27 एजेंसियों के पास 7,148 और एचपीसीएल (HPCL) की 09 एजेंसियों के पास 3,684 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।

अफवाहों से बचने और डिजिटल बुकिंग की अपील

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर गैस की किल्लत को लेकर फैल रही भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही ऐसी अपुष्ट खबरों को साझा करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ता घबराहट (Panic) में आकर अनावश्यक बुकिंग न करें और केवल डिजिटल या अधिकृत माध्यमों से बुकिंग के बाद ही सिलेंडर प्राप्त करें। कालाबाजारी करने वालों से गैस खरीदने से बचने की भी सलाह दी गई है।

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

गैस वितरण में आ रही किसी भी समस्या या कालाबाजारी की सूचना देने के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06112-233168 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। एसपी भारत सोनी ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) सहित विभिन्न तेल कंपनियों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *