महिला कबड्डी लीग में मगध और सिवान का दबदबा कायम, 21 मैचों के बाद दोनों टीमें 12-12 अंकों के साथ शीर्ष पर

0
IMG-20260314-WA0117

रानी सिन्हा की रिपोर्ट,

पटना। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग 2026 में कबड्डी का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। 11 मार्च से 17 मार्च तक चलने वाली इस लीग में अब तक 21 मुकाबले पूरे हो चुके हैं, जिनके बाद अंक तालिका में मगध वॉरियर्स और सिवान टाइटंस का दबदबा बना हुआ है।

चौथे दिन तक खेले गए मुकाबलों के बाद 12-12 अंकों के साथ मगध वॉरियर्स पहले और सिवान टाइटंस दूसरे स्थान पर हैं, जबकि सारण स्ट्राइकर्स 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। लीग चरण में कुल 30 मैच खेले जाने हैं। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान प्राप्त करने वाली टीमें सेमीफाइनल और फाइनल में जगह बनाएंगी।

1001316205

इस प्रतियोगिता में छह टीमें भाग ले रही हैं। इनमें सीतामढ़ी सेंटिनल्स (महिला विकास निगम), पटना पेलिकन्स (कॉम्फेड–सुधा), मगध वॉरियर्स (SBPDCL), नालंदा निंजास (भवन निर्माण विभाग), सारण स्ट्राइकर्स (निंटी हॉस्पिटल) और सिवान टाइटंस (परिवर्तन) शामिल हैं।

चौथे दिन खेले गए मुकाबलों में सीतामढ़ी सेंटिनल्स ने पटना पेलिकन्स को बेहद रोमांचक मुकाबले में 30-29 से हराया। इस मैच में पटना पेलिकन्स की सुंदर कुमारी को बेस्ट रेडर और सीतामढ़ी की रिया को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।

दूसरे मुकाबले में मगध वॉरियर्स ने सारण स्ट्राइकर्स को 39-25 के बड़े अंतर से पराजित किया। इस मैच में सारण की मुस्कान बेस्ट रेडर और मगध की अमीषा कुमारी बेस्ट डिफेंडर रहीं।

एक अन्य मुकाबले में सिवान टाइटंस ने नालंदा निंजास को 35-29 से हराया। इस मैच में सिवान की इंदु कुमारी को बेस्ट रेडर और लक्ष्मी कुमारी को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।

1001316200

इसके अलावा सारण स्ट्राइकर्स ने पटना पेलिकन्स को 23-22 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मैच में सारण की मुस्कान बेस्ट रेडर और पटना की आरती कुमारी बेस्ट डिफेंडर रहीं।

दिन के अंतिम मुकाबले में मगध वॉरियर्स ने नालंदा निंजास को 30-20 से पराजित किया। इस मैच में मगध की नैंसी प्रिया को बेस्ट रेडर और नालंदा की अदिति कुमारी को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।

लीग के आगामी मुकाबलों के साथ अंक तालिका में बदलाव की संभावना बनी हुई है, क्योंकि सभी टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *