गर्मी को देखते हुए चलंत चापाकल मरम्मत दल रवाना, डीएम ने दिखाई हरी झंडी
शंकर कुमार की रिपोर्ट,
नालंदा। आगामी गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने समाहरणालय परिसर से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के प्रमंडलीय कार्यालय बिहारशरीफ और हिलसा की ओर से गठित चलंत चापाकल मरम्मत दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में अक्सर पेयजल की समस्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकलों की त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए चलंत मरम्मत दल का गठन किया गया है। यह दल ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर बंद पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत करेगा, ताकि आम लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत कार्य लगातार जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार जिले में इंडिया मार्क और साधारण चापाकल मिलाकर कुल करीब 24,000 चापाकल हैं, जिनमें से लगभग 1,600 चापाकल साधारण मरम्मत के कारण बंद हैं। इन्हें चालू कराने के लिए ही चलंत मरम्मत दल का गठन किया गया है। यह दल जिले के सभी प्रखंडों के 152 पंचायतों में जाकर मरम्मत कार्य करेगा और इसकी जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी देगा। साथ ही किए गए कार्यों का सामाजिक प्रमाणीकरण भी किया जाएगा।
किसी भी सरकारी चापाकल के खराब होने या पेयजल संबंधी समस्या की सूचना PHED कंट्रोल रूम (06112-230071) पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक फोन कर दी जा सकती है। इसके अलावा संबंधित प्रखंड के कनीय अभियंता और सहायक अभियंता को भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
