राजनीतिक भागीदारी के बिना नाई समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं : रंजीत कुमार शर्मा

0
IMG-20260312-WA0014

21 मार्च को राजगीर में होगा ऑल इंडिया एमसीईए बिहार का पहला राज्य अधिवेशन

प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ (नालंदा), 11 मार्च। अखिल भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन) जिला शाखा नालंदा की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार की देर शाम सोहसराय स्थित संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती तथा समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि नाई समाज के सर्वांगीण विकास के लिए राजनीतिक भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिना एकजुटता के समाज को उसका हक और अधिकार नहीं मिल सकता, इसलिए वर्तमान समय में नाई समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है।

मौके पर संघ के जिला संयोजक एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर नियमित बैठक आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अति पिछड़ा वर्ग के सविता, ठाकुर, शर्मा और नाई समाज का प्रमुख संगठन ऑल इंडिया महापद्मनंद कम्युनिटी एजुकेटेड एसोसिएशन (एमसीईए), बिहार प्रदेश का पहला राज्य अधिवेशन आगामी 21 मार्च, शनिवार को प्रातः 9 बजे से राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, राजगीर (नालंदा) में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी तथा कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। बिहार के सभी स्वजातीय बंधुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस गौरवशाली अधिवेशन को सफल बनाएं।

राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि राजनीतिक रूप से नाई समाज काफी पिछड़ा हुआ है, इसलिए समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा कराई गई जातीय गणना के अनुसार अत्यंत पिछड़ा वर्ग की आबादी 36.01 प्रतिशत है। ऐसे में ओबीसी आरक्षण को 27 प्रतिशत से बढ़ाकर जनसंख्या के अनुपात में करने की आवश्यकता है। साथ ही बिहार की तर्ज पर पूरे देश में कर्पूरी ठाकुर के फार्मूले को लागू करने की मांग भी की गई।

बैठक में नाई संघ के उपाध्यक्ष रणजीत कुमार अकेला ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाकर तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर ही समाज का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नाई समाज को एकजुट होकर अपनी एकता का परिचय देना चाहिए।

बैठक में संघ के जिला संरक्षक मकसूदन शर्मा, जिला सचिव जनार्दन ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, जिला महासचिव परविंदर शर्मा, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष विक्रम कुमार, जिला कार्यकारिणी सदस्य भीम शर्मा, सलाहकार सुधीर कुमार शर्मा, उमेश शर्मा, शंभू शर्मा, अजय शर्मा, संजय शर्मा, कपिल देव शर्मा, राहुल कुमार, रितिक कुमार, राजेश कुमार, प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, राकेश कुमार, नीरज कुमार, संजीव कुमार, संतोष कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *