जनगणना 2027 को लेकर नालंदा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

0
IMG-20260310-WA0048

अमर वर्मा की रिपोर्ट,

नालंदा। शुभम कुमार, उप विकास आयुक्त, नालंदा द्वारा समाहरणालय स्थित हरदेव भवन में जिला स्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 9 मार्च से 11 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय के नोडल पदाधिकारी नवीन कुमार और अशोक चौधरी द्वारा अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि आगामी भारत की जनगणना 2027 को पूरी तरह डिजिटल मोड में कराया जाएगा। जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।

प्रथम चरण की जनगणना शुरू होने से 15 दिन पहले, यानी 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक स्व-गणना के लिए वेब पोर्टल खोला जाएगा। इस दौरान आम नागरिक स्वयं अपने परिवार और घर से संबंधित जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित प्रगणक द्वारा SEID के माध्यम से जानकारी का सत्यापन कर अंतिम रूप से डाटा सबमिट किया जाएगा।

इसके अलावा 12 मार्च से 14 मार्च 2026 तक जिले भर के शासकीय प्रशिक्षकों (ट्रेनरों) के लिए भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण में कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें मकान के निर्माण में उपयोग की गई सामग्री, मकान का उपयोग, स्वामित्व की स्थिति, घर में उपलब्ध सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, मोटरसाइकिल, कंप्यूटर, मोबाइल आदि के साथ-साथ परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले अनाज से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जनगणना के नोडल पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क कार्यालय (डीपीआरओ) सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *