नौकरी नहीं, अब अपना रोजगार! MSME और समाज रचना केंद्र ने बताई स्वरोजगार की राह, युवाओं को किया प्रेरित
शंकर कुमार की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ, नालंदा। एम.एस.एम.ई. विकास कार्यालय, पटना एवं समाज रचना केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में जे.पी. शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक अजय कुमार ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के प्राचार्य डॉ. पुनीत शुक्ला, एम.एस.एम.ई. विकास कार्यालय, पटना के सहायक निदेशक जी.एल. मीना, समाज रचना केंद्र के निदेशक संजय कुमार सिंह एवं सहायक शिक्षक अजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक जी.एल. मीना ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक और प्रेरित करना है, ताकि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर एक सक्षम एवं सफल उद्यमी बन सकें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 100 प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, सरकारी योजनाओं, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
वहीं समाज रचना केंद्र के निदेशक संजय कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए नौकरी के अवसर सीमित होते जा रहे हैं। ऐसे में स्वरोजगार या अपना उद्यम शुरू करना आत्मनिर्भर और बेहतर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में तुषार पांडे (एमएसएमई पटना) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस तरह के कार्यक्रमों से युवा-युवतियों को अपनी क्षमता और कौशल के अनुसार रोजगार सृजन करने की प्रेरणा मिलती है।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
