अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नूरसराय के उद्यान महाविद्यालय में जीविका का भव्य कार्यक्रम, 400 दीदियों ने लिया हिस्सा
शंकर कुमार की रिपोर्ट,
नूरसराय, नालंदा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जीविका की ओर से उद्यान महाविद्यालय नूरसराय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंदन कुमार (जिलाधिकारी, नालंदा) ने की।
पिछले लगभग 20 वर्षों से जिले में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कार्य कर रही जीविका परियोजना ने लाखों महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें नई पहचान दिलाने का कार्य किया है। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ कौशलेंद्र कुमार (सांसद, नालंदा), डॉ. पी.के. सिंह (प्राचार्य, उद्यान महाविद्यालय), राम निरंजन सिंह (निदेशक, जीविका) और महुआ राय चौधरी (परियोजना समन्वयक) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य और जिले के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जीविका से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना और सतत जीविकोपार्जन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक पात्र महिला को दो-दो लाख रुपये की सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को ₹10,000 की राशि दी गई है और भविष्य में उन्हें अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे सफल उद्यमी बन सकें।

मंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी प्रखंडों में “जीविका दीदी हाट” की स्थापना की जाएगी, जहां जीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री होगी। साथ ही जिला स्तर पर “सरस मेला” के आयोजन की भी योजना है।
इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। वे अपने पैरों पर खड़ी होकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं और राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में करीब 400 जीविका दीदियों ने भाग लिया और इस दिन को महिला रोजगार दिवस के रूप में मनाया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, जीविका निदेशक राम निरंजन सिंह, उद्यान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.के. सिंह और जीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर आधारित एक चलचित्र भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद योजना की लाभुक नीतू कुमारी (बिहारशरीफ) ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कोरोना काल में दिल्ली से लौटने के बाद उन्हें रोजगार की समस्या का सामना करना पड़ा था, लेकिन मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिली ₹10,000 की सहायता उनके लिए नई शुरुआत साबित हुई। इसके अलावा चंडी, नगरनौसा, राजगीर और नूरसराय प्रखंड की महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में जीविका के राज्य कार्यालय से महुआ राय चौधरी, जीविका नालंदा के जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान, संचार प्रबंधक संतोष कुमार, सामाजिक विकास प्रबंधक पंकज कुमार, कृषि प्रबंधक अनुराग कुमार, सूक्ष्म वित्त प्रबंधक शिव शंकर प्रसाद, प्रशिक्षण प्रबंधक राम पुकार तथा आनंद किशोर (प्रखंड परियोजना प्रबंधक, नूरसराय) सहित जीविका के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
