महिला दिवस पर पटना जंक्शन की कमान महिलाओं के हाथों में, महिला क्रू ने चलाई पटना–इस्लामपुर मेमू ट्रेन

0

रानी सिन्हा की रिपोर्ट,

पटना। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। ‘नारी शक्ति’ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक पटना जंक्शन का संचालन पूरी तरह महिला रेल कर्मचारियों के हाथों में रहा। स्टेशन प्रबंधन से लेकर ट्रेनों के परिचालन तक सभी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां महिलाओं ने सफलतापूर्वक निभाईं।

इस विशेष अवसर पर पटना –इस्लामपुर मेमू सवारी गाड़ी का परिचालन पूरी तरह महिला क्रू-मेंबरों द्वारा किया गया। लोको पायलट गुड्डी कुमारी और सहायक लोको पायलट कुमारी दिव्या ने ट्रेन के इंजन की कमान संभाली, जबकि ट्रेन मैनेजर (गार्ड) के रूप में मनीषा कुमारी ने अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

इसके साथ ही रेलवे की जटिल प्रणाली मानी जाने वाली रूट रिले इंटरलोकिंग (RRI) का संचालन स्टेशन मास्टर अंशु कुमारी और संगीता कुमारी ने संभाला।

सिर्फ ट्रेनों का संचालन ही नहीं, बल्कि स्टेशन प्रबंधन के अन्य मोर्चों पर भी महिलाओं की सक्रिय भूमिका रही। यार्ड संचालन, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी महिला कर्मियों ने संभाली। इसके अलावा टीआरडी, ओएचई, पीआरएस (आरक्षण), यूटीएस (अनारक्षित टिकट) और टिकट चेकिंग जैसे तकनीकी व वाणिज्यिक कार्यों में भी महिला कर्मचारियों ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया।

दानापुर मंडल की इस पहल ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आधुनिक रेल संचालन के हर क्षेत्र में महिलाएं पूरी तरह सक्षम हैं और नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए भी तैयार हैं। यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *