बिहार में मौसम का बदलेगा मिजाज: 9 से 11 मार्च तक आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना

0

रानी सिन्हा की रिपोर्ट,

पटना। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य के कई जिलों में 9 से 11 मार्च के बीच आंधी, बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 9 मार्च को किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधुबनी जिले के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कई स्थानों पर वज्रपात होने की भी आशंका है।

वहीं मंगलवार, 10 मार्च को शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च को इसका असर दक्षिण बिहार में भी देखने को मिल सकता है। इस दिन कोसी और सीमांचल क्षेत्र के साथ-साथ कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में भी आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

राज्य के कई हिस्सों में हो सकती है बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच पूरे बिहार में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम में बदलाव के कारण उत्तर बिहार, कोसी, सीमांचल क्षेत्र के अलावा पटना और दक्षिण बिहार के कई जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।

मौसम बदलने की वजह

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तरी ओडिशा और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा 9 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से बिहार के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है।

तापमान में हो रही बढ़ोतरी

फिलहाल बिहार में मौसम शुष्क बना हुआ है। ठंड का असर खत्म होने के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दोपहर के समय तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार 6 मार्च को 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मोतिहारी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा पटना, मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, छपरा, बक्सर, कैमूर, डेहरी, औरंगाबाद, अरवल, गया और जहानाबाद समेत राज्य के अधिकतर शहरों में दोपहर का तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

अगले 24 घंटे का अनुमान

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे के भीतर राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *