लेखिका अंशिता सिन्हा को ‘डॉक्टर (विद्या वाचस्पति)’ की मानद उपाधि
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
नगरनौसा। नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी मंजू रानी एवं जनार्दन प्रसाद की पुत्री अंशिता सिन्हा को ‘डॉक्टर (विद्या वाचस्पति)’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान काशी हिन्दी विद्यापीठ के कुल सचिव इंद्रजीत तिवारी एवं कोषपाल पवन कुमार सिंह के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
रांची में आयोजित सम्मान समारोह में सेंट जेवियर कॉलेज, रांची के भूतपूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. कमल कुमार बोस, वरिष्ठ साहित्यकार अनिता रश्मि, प्रतिभा प्रसाद ‘कुमकुम’, डॉ. श्याम कुंवर भारती, मधुमिता साहा सहित देशभर से आए कई साहित्यकार उपस्थित थे।
गौरतलब है कि यह मानद उपाधि किसी भी क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि एवं सामाजिक प्रभाव के लिए प्रदान की जाती है। अंशिता सिन्हा को यह सम्मान साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। वे कई वर्षों से साहित्य जगत में अपनी लेखनी के माध्यम से सक्रिय हैं और निरंतर रचनात्मक योगदान दे रही हैं।
अब तक उनकी चार पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें एक कहानी संग्रह तथा तीन काव्य संग्रह शामिल हैं। उनकी पांचवीं पुस्तक भी शीघ्र प्रकाशित होने वाली है। इसके अतिरिक्त वे कई साझा संग्रहों का संपादन भी कर चुकी हैं। साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
