रेड क्रॉस सोसाइटी नालंदा का साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 150 से अधिक मरीजों को मिला निशुल्क परामर्श

0
IMG-20260301-WA0062

प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ (नालंदा) । भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा नालंदा द्वारा रविवार को विस्तारित भवन श्रम कल्याण केंद्र मैदान में साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य निसहाय एवं जरूरतमंद लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों की जांच की और आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया। कुल 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। साथ ही 25 लोगों की मधुमेह (शुगर) की जांच भी की गई।

शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी ने 35 बच्चों की जांच की। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार सिंह ने 50 मरीजों की आंखों की जांच की। फिजिशियन डॉ. इंद्रजीत कुमार एवं डॉ. उमेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से 45 मरीजों को परामर्श दिया। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि कुमार ने 15 लोगों का उपचार किया, जबकि फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहम्मद शहजाद आलम ने 25 मरीजों की जांच की। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार एवं डॉ. रितेश कुमार ने 13 मरीजों को परामर्श दिया। इसके अतिरिक्त डॉ. प्रदीप कुमार सिंह (ऑडियोलॉजिस्ट) ने भी मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दी।

शिविर में उपस्थित लाभार्थियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निशुल्क शिविर उनके लिए अत्यंत मददगार साबित हो रहे हैं। संस्था ने जानकारी दी कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर आगे भी प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।

शिविर के सफल संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद पंडित तथा कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार की अहम भूमिका रही। आजीवन सदस्यों में प्रमोद पंडित, नागेंद्र कुमार, बृज बिहारी, राकेश कुमार पंकज, प्रोफेसर स्वधर्म कुमार, डॉ. एस.एम. मुजफ्फर जमाल, साधु शरण प्रसाद, रागिनी कुमारी, आकाश रोशन, शंभू कुमार कश्यप, अरुण कुमार एवं संजय कुमार सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

इन सभी सदस्यों ने मरीजों के पंजीकरण, कतार प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उपस्थित लोगों ने सदस्यों की सेवा भावना और समर्पण को शिविर की सफलता का आधार बताया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *