नालंदा में मैट्रिक कॉपी जांच 2 मार्च से शुरू, 6 केंद्रों के 200 गज में धारा 163 लागू, हर केंद्र पर दंडाधिकारी तैनात

0
IMG-20260218-WA0167

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,

नालंदा। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा–2026 की बारकोडेड उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 2 मार्च से 13 मार्च 2026 तक नालंदा जिले में कराया जाएगा। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी कुंदन कुमार ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

बिहारशरीफ अनुमंडल मुख्यालय में कुल छह मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आदर्श उच्च विद्यालय (बिहार टाउन उच्च विद्यालय कैंपस), बिहार टाउन उच्च विद्यालय सालुगंज (मणिराम अखाड़ा), परमेश्वरी देवी कन्या +2 उच्च विद्यालय, राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय सोहसराय, पी.एल. साहू उच्च विद्यालय तथा जवाहर कन्या उच्च विद्यालय शामिल हैं।

मूल्यांकन कार्य को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों के 200 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। अनुमंडल दंडाधिकारी बिहारशरीफ किसलय श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार उक्त क्षेत्र में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, किसी भी प्रकार के हथियार—लाठी, भाला, गड़ासा या आग्नेयास्त्र (लाइसेंसधारी सहित)—के साथ चलने तथा अनाधिकृत आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि यह प्रतिबंध मूल्यांकन कार्य में तैनात पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों, शवयात्रा में शामिल लोगों तथा ऐसे व्यक्तियों पर लागू नहीं होगा जो शारीरिक कारणों से लाठी के बिना चलने में असमर्थ हैं।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मूल्यांकन अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों की स्टैटिक प्रतिनियुक्ति की गई है तथा शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निरोधात्मक कदम उठाए गए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *