देशव्यापी आम हड़ताल को वामदलों का समर्थन, जुलूस निकाल कर श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ किया प्रदर्शन‘
प्रेम कुमार की रिपोर्ट, बिहार शरीफ (नालंदा) : देशव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में भाकपा माले, ऐक्टू, किसान महासभा, खेग्रामस, नौजवान सभा, ऐपवा समेत विभिन्न वामपंथी एवं जनसंगठनों ने संयुक्त रूप से जुलूस निकालकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
जुलूस भाकपा माले जिला कार्यालय से निकलकर पोस्ट ऑफिस मोड़, भराव पर, एलआईसी, अस्पताल मोड़ होते हुए कचहरी नगर निगम गेट पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
जुलूस का नेतृत्व ऐक्टू के राज्य उपाध्यक्ष मकसूदन शर्मा, भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य एवं जिला सचिव सुरेंद्र राम, खेग्रामस जिला सचिव रामधारी दास, इनौश जिला अध्यक्ष वीरेश कुमार, ऐपवा नेत्री रेणु देवी व सुगिया देवी, माले नेता अधिवक्ता अनिल पटेल, सुनील कुमार, शिवशंकर प्रसाद, किसान नेता चंद्रशेखर प्रसाद, सीपीएम नेता कमलदेव प्रसाद, महेंद्र प्रसाद, पाल बिहारी लाल, डॉ. शैलेश यादव, ब्रजकिशोर प्रसाद, राजनंदन राउत, सुनील पासवान, रामप्रीत केवट, नगर निगम कर्मचारी नेता महेश दास व मनोज दास समेत अन्य नेताओं ने किया।

इस दौरान सुरेंद्र राम ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार मजदूर विरोधी और कॉरपोरेट परस्त नीतियां अपना रही है, जिससे श्रमिकों, किसानों और गरीब तबके की स्थिति बदतर होती जा रही है। उन्होंने चारों श्रम कोड को ‘गुलामी का कानून’ बताते हुए इसे तत्काल रद्द करने और पुराने श्रम कानूनों को पुनर्बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने मनरेगा को पुनर्बहाल करने, ‘वीबी ग्रामजी कानून’ रद्द करने, बसे हुए जमीन का पर्चा देने, गरीबों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई बंद करने, भारत-अमेरिका ट्रेड डील से कृषि उत्पादों को बाहर रखने, न्यूनतम मजदूरी 700 रुपये प्रतिदिन सुनिश्चित करने, बिजली व बीज विधेयक 2025 वापस लेने, विद्यालय रसोइयों को कम से कम 10 हजार रुपये मासिक मानदेय और 12 माह भुगतान की गारंटी, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, वेडिंग जोन निर्माण तथा इंजन रिक्शा-ठेला चालकों के निर्बाध परिचालन की कानूनी व्यवस्था करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में किसान नेता चंद्रशेखर प्रसाद, नौजवान नेता राजेश कुमार, इंजन रिक्शा-ठेला चालक संघ के जिला सचिव किशोर साव, महिला नेत्री रेणु देवी, सुगिया देवी, रसोइया नेत्री किरण देवी, पूजा देवी, अस्थावां से श्रवण कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
