औंगारी धाम में लगा मेगा स्वास्थ्य जागरूकता सह चिकित्सा शिविर, 550 से अधिक मरीजों का हुआ मुफ्त इलाज
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट, एकंगरसराय (नालंदा)। एकंगरसराय प्रखंड के औंगारी धाम स्थित सूर्या आईटीआई कॉलेज परिसर में शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता सह चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में एआईसीसी सदस्य एवं स्नातक अधिकार मंच के संयोजक डॉ. दिलीप कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. दिलीप कुमार, चिकित्सकों की टीम, औंगारी पंचायत की मुखिया कल्पना कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि चुन्नू कुमार, जदयू के वरिष्ठ नेता राजन कुमार, इंजीनियर संजीव कुमार तथा राजीव रंजन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर की।
उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि यह शिविर केवल सामान्य जांच शिविर नहीं, बल्कि एक मेगा हेल्थ कैंप है, जिसमें बिहारशरीफ से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टर ग्रामीणों की सेवा के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्वक और धैर्य के साथ बारी-बारी से इलाज कराने की अपील की।

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कुमार, एमडी फिजिशियन डॉ. लाला लाजपत राय, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मृत्युंजय कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्या कुमारी, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित प्रभाकर तथा योग गुरु डॉ. मनोज कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। सभी चिकित्सकों ने मरीजों से सीधा संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
मुखिया प्रतिनिधि चुन्नू कुमार, जदयू नेता राजन कुमार, समाजसेवी राजीव रंजन कुमार और इंजीनियर संजीव कुमार ने भी शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। योग गुरु डॉ. मनोज कुमार ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर में कुल 550 से अधिक मरीजों ने मुफ्त जांच और इलाज का लाभ उठाया। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही, जिन्होंने स्त्री रोग संबंधी जांच कराई। फिजिशियन, हड्डी रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों के काउंटर पर मरीजों की सबसे अधिक भीड़ देखी गई।
सुबह 11 बजे से शुरू हुआ यह मेगा शिविर शाम 5:30 बजे तक चला। अंत में डॉक्टरों की टीम ने भविष्य में पुनः शिविर लगाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने तालियों के साथ उनका स्वागत एवं सम्मानपूर्वक विदाई दी।
