हरनौत नगर पंचायत वार्ड 12 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह ने ली जदयू की सदस्यता, संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

0
IMG-20260204-WA0063

राकेश पासवान की रिपोर्ट

हरनौत (नालंदा)। हरनौत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह ने बुधवार को जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर औपचारिक रूप से पार्टी का दामन थाम लिया। पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम के दौरान जदयू तकनीकी एवं श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर रामचरित्र प्रसाद ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने संतोष कुमार सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद संतोष कुमार सिंह ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासपरक नीतियों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर जदयू से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि हरनौत क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर रामचरित्र प्रसाद ने कहा कि नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पार्टी संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह प्रखंड हरनौत में जदयू का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और ऐसे समर्पित जनप्रतिनिधियों के शामिल होने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में चल रहे सदस्यता अभियान को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान जदयू के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने संतोष कुमार सिंह के उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *