हरनौत पुलिस की बड़ी कार्रवाई : खंधे से भारी मात्रा में अंग्रेजी व देशी शराब बरामद, एक निरुद्ध
सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरनौत (नालंदा)। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए नालंदा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में हरनौत थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रूपसपुर गांव स्थित एक खंधे में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
पुलिस के अनुसार, मौके से 19 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, जिसमें 180 एमएल की 79 बोतलें और 375 एमएल की 15 बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा करीब 35 लीटर देशी चुलौआ शराब भी बरामद की गई।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक किशोर को निरुद्ध किया है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस शराब तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य कारोबारियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शराबबंदी कानून के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
