खलिहान में धान के पुंज में लगी भीषण आग, 15 बीघा फसल जलकर राख, किसानों ने मांगा मुआवजा
राकेश पासवान की रिपोर्ट | हरनौत (नालंदा)
हरनौत थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में रविवार दोपहर खलिहान में रखे धान के पुंज में अचानक आग लग गई, जिससे देखते ही देखते पूरा पुंज जलकर राख हो गया। आग लगने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम फायरमैन इंद्रदेव, काजल, सपना और दीपक के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक धान की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। आग की घटना के बाद पीड़ित परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
फायरमैन इंद्रदेव कुमार ने बताया कि बस्ती गांव के किसान संजीव कुमार और जीतेंद्र कुमार के करीब 15 बीघा धान का पुंज जलकर नष्ट हो गया है।
पीड़ित किसानों ने संबंधित पदाधिकारियों को लिखित आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है। वहीं, सूचना मिलते ही नगर पंचायत हरनौत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और किसानों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
