19 वर्षों की सेवा के बाद पीटी शिक्षक अशोक कुमार सेवानिवृत्त, विद्यालय परिवार ने दी भावुक विदाई
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट
कतरीसराय (नालंदा)। प्रखंड अंतर्गत टेक नारायण +2 स्कूल, बादी में शुक्रवार को 19 वर्षों तक सेवा देने वाले पीटी शिक्षक अशोक कुमार के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार द्वारा भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वे 31 जनवरी 2026 को अपने सेवाकाल से औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हुए।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार चौधरी ने कहा कि अशोक कुमार एक कर्मठ, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक रहे हैं। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में विद्यालय और विद्यार्थियों के प्रति पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “कैसे 19 वर्ष गुजर गए, इसका एहसास ही नहीं हुआ। अशोक कुमार का योगदान विद्यालय परिवार हमेशा याद रखेगा।”
समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने उनके सरल स्वभाव, समय पालन और विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में दिए गए योगदान की सराहना की। विदाई के दौरान कई शिक्षक भावुक नजर आए।
विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें छाता, छड़ी, अंगवस्त्र, तुलसी की माला तथा पवित्र ग्रंथ गीता भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन की कामना की गई।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में आलोक निरंजन (गणित), अभिषेक रमण, रेणु कुमारी, अमित कुमार, गीता कुमारी, संजय कुमार, भूपेंद्र कुमार (पुस्तकालयाध्यक्ष), कुमारी शिखा सहित दर्जनों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
