थरथरी थानाध्यक्ष पर महिला से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
थरथरी, नालंदा। जिले के थरथरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस कार्रवाई के दौरान एक महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि थरथरी थानाध्यक्ष ने घर में घुसकर एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, बाल पकड़कर खींचा और थप्पड़ मारे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
घटना दिरीपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस वर्ष 2014 से जुड़े एक मामले में राम बच्चन प्रसाद नामक आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। कोर्ट से जारी इश्तेहार के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही थी।
बताया जाता है कि जब घर की महिलाओं ने पुलिस से आने का कारण पूछा तो विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान थानाध्यक्ष संजय कुमार ने एक महिला के साथ मारपीट की। पीड़ित महिला की पहचान विजय सरस्वती के रूप में हुई है, जो पेशे से आंगनबाड़ी सेविका हैं।
वायरल वीडियो में महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी के बावजूद थानाध्यक्ष को महिला के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते देखा जा सकता है। महिला पुलिसकर्मी द्वारा रोकने का प्रयास भी किया गया।
इधर पुलिस ने आरोपी राम बच्चन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मारपीट की घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
हालांकि, थानाध्यक्ष संजय कुमार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान घर की महिलाएं रास्ता रोक रही थीं, जिन्हें केवल हटाया गया। मारपीट का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है।
वहीं, हिलसा डीएसपी-2 ऋषि राज ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
